प्रधानमंत्री मोदी के बाद अब सीएम योगी की युवाओं से अपील, सोशल मीडिया और AI के सही इस्तेमाल का दिया संदेश

प्रधानमंत्री मोदी के बाद अब सीएम योगी की युवाओं से अपील, सोशल मीडिया और AI के सही इस्तेमाल का दिया संदेश

Jul 26, 2026 - 19:32
 0  9

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं से सोशल मीडिया का सकारात्मक और जिम्मेदारी से उपयोग करने की अपील करते रहे हैं। अब इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी युवाओं को सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के सही इस्तेमाल को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज की आवश्यकता हैं। बदलती दुनिया में इनसे पीछे नहीं रहा जा सकता और न ही इनसे मुंह मोड़ा जा सकता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इनका उपयोग समाज और देश के हित में कैसे किया जाए।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर अच्छे और सकारात्मक कंटेंट डालें, अपने विचारों और उदाहरणों से लोगों को प्रेरित करें तथा छात्रों को सही दिशा दिखाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को यह बताना होगा कि सच क्या है और झूठ क्या है। उन्हें सही तथ्यों की जानकारी दें और सत्य के करीब लाने का प्रयास करें।

योगी आदित्यनाथ ने फेक अकाउंट और गुमनाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर भी सावधान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अकाउंट और भ्रामक जानकारी लोगों को गुमराह कर सकते हैं, इसलिए उनसे दूरी बनाए रखें और सोशल मीडिया पर अपना समय सीमित रखें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि केवल सोशल मीडिया पर निर्भर रहने के बजाय युवाओं को पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए। लाइब्रेरी जाएं, पाठ्यक्रम के अलावा रेफरेंस बुक्स पढ़ें और ज्ञान बढ़ाने वाले साहित्य तथा धर्मग्रंथों का भी अध्ययन करें। इससे सही जानकारी मिलेगी और सोच मजबूत होगी।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि युवा समाज को सही दिशा दिखाने का काम करेंगे, तो देश का बड़ा कल्याण होगा, देश सही दिशा में आगे बढ़ेगा और देश आपका गुणगान करेगा।

सोशल मीडिया और AI के दौर में मुख्यमंत्री का यह संदेश युवाओं के लिए जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने की सीख माना जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0